बारिश में जनसुरक्षा पर प्रशासन सख्त, पुल-पुलियाओं पर बैरिकेडिंग के कलेक्टर ने दिए निर्देश

वर्षा ऋतु में दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रशासन की तैयारी तेज, सीएम हेल्पलाइन, उर्वरक वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की भी हुई समीक्षा।

उज्जैन। जिले में मानसून के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में सभी विभागों को वर्षा ऋतु के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल-पुलियाओं और रपटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि की स्थिति न बने।

बैठक में निर्माण कार्यों, जनसुरक्षा व्यवस्थाओं, सीएम हेल्पलाइन, किसान कल्याण योजनाओं और अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बारिश के दौरान पानी भरने की संभावना रहती है, वहां बैरिकेडिंग के साथ स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। साथ ही लोगों को पानी भरे पुल-पुलियाओं को पार नहीं करने के लिए जागरूक किया जाए।

अतिवृष्टि में तैनात रहेंगे कर्मचारी

कलेक्टर ने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वर्षा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि कहीं जलभराव या दुर्घटना की आशंका हो तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर त्वरित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिक वर्षा की स्थिति में पुल-पुलियाओं पर शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि वे लोगों को जोखिम उठाने से रोक सकें और सुरक्षित मार्ग अपनाने के लिए समझाइश दें।

सीएम हेल्पलाइन और उर्वरक वितरण की भी समीक्षा

बैठक में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने किसान कल्याण वर्ष के तहत संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही संबल योजना के पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कुमट, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, वनमंडलाधिकारी अनुराग तिवारी, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button