उज्जैन में चाकूबाजी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस
जन्मदिन पार्टी के बाद शराब दुकान के पास दोस्तों में मोबाइल को लेकर विवाद, मारपीट के बाद हुई चाकूबाजी; तीन युवक घायल

उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोबाइल गिरने और उसे उठाने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी हुई। घटना में तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद रविवार देर रात पुलिस दोनों आरोपियों को बापूनगर इलाके में पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान आरोपियों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी है।
जन्मदिन मनाने के बाद शराब दुकान पहुंचे थे युवक
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। जीवाजीगंज क्षेत्र के तिलकेश्वर और आसपास की बस्तियों में रहने वाले कुछ युवक बेगमबाग में अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद आगर रोड स्थित शराब दुकान के पास पहुंचे थे।
यहां शराब पीने के दौरान एक युवक का मोबाइल नीचे गिर गया। मोबाइल उठाने को लेकर दोस्तों के बीच बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई।
चाकूबाजी में तिलकेश्वर निवासी यश पिता विजय, भोला और नवीन घायल हुए। तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
घटना की जानकारी मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्लभ उर्फ रोहित, गोलू समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद रविवार रात पुलिस दोनों आरोपियों को बापूनगर क्षेत्र में पैदल लेकर गई। इस दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
चिमनगंज क्षेत्र में लगातार गंभीर अपराधों पर सवाल
चाकूबाजी की इस घटना के बाद चिमनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र में करीब 10 से 12 पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में रहकर निगरानी और अपराधियों पर नजर रखने का काम करते हैं।
इसके बावजूद इलाके में चाकूबाजी, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आने से पुलिस की सक्रियता पर चर्चा शुरू हो गई है।



