कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने की समयावधि पत्रों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
50 से 100 दिन से अधिक लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार

उज्जैन, 21 सितंबर 2026। प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों के साथ सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने उन विभागों के अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए, जहां 50 से 100 दिन या उससे अधिक समय से प्रकरण लंबित हैं। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इन प्रकरणों की दोबारा समीक्षा गुरुवार को की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी एसडीएम को शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा संकल्प अभियान की भी समीक्षा
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा का उज्जैन आगमन प्रस्तावित है। इसे लेकर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में आयुष्मान भारत, एएनसी पंजीयन, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम कुसुम योजना, फार्मर पंजीयन और किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
बैठक में बताया गया कि आगामी 6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
संबल योजना के आवेदनों का 30 दिन में निराकरण
संबल योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सहायक संचालक श्रम को निर्देश दिए कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का 30 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित प्रकरणों को भी निर्धारित समय सीमा में निपटाने को कहा गया।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने तथा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



