उज्जैन में महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत
नीलगंगा थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच; आत्महत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र में एक 38 वर्षीय महिला द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरती (38), पति जितेंद्र, निवासी तिरुपति डायमंड, हाटकेश्वर ने 12 जुलाई को अपने घर में अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। परिजनों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतका के पति फर्नीचर का कार्य करते हैं। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर मर्ग कायम कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



