उज्जैन में नशे के कारोबार पर प्रहार, एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सावराखेड़ी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश, करीब 60 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त ऑटो जब्त, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीलगंगा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंचमुखी हनुमान मंदिर, सावराखेड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 112.35 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक ऑटो क्रमांक MP-13-R-5205 में बैठकर मादक पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शादाब (29 वर्ष) और दाऊद (22 वर्ष) निवासी बेगमपुरा, उज्जैन के रूप में बताई। तलाशी के दौरान शादाब के पास से 55.50 ग्राम तथा दाऊद के पास से 56.85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। दोनों आरोपी मादक पदार्थ रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जब्त मादक पदार्थ को नियमानुसार सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है। साथ ही तस्करी में उपयोग किए गए ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पश्चिम के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर के मार्गदर्शन में की गई। पूरे अभियान में थाना प्रभारी नीलगंगा निरीक्षक तरुण कुरील, उप निरीक्षक योगेंद्र परिहार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button