उज्जैन रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो चालक पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुए बदमाश
सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती; देवासगेट पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

उज्जैन। रेलवे स्टेशन के बाहर गुरुवार सुबह एक ऑटो चालक पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घायल चालक को पहले चरक अस्पताल और बाद में गंभीर हालत होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देवासगेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल सचिन गुप्ता (47) विजय नगर क्षेत्र के निवासी हैं और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रोजाना की तरह वह सुबह रेलवे स्टेशन पर सवारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान ऑटो में सवारी बैठाने को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवकों ने सचिन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके पेट, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों को दोस्तों ने दी सूचना
घायल के बेटे दक्षित ने बताया कि सुबह उन्हें पिता के दोस्तों से सूचना मिली कि उन पर हमला हुआ है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना के बाद देवासगेट थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध युवक सचिन पर हमला करते हुए दिखाई दिए हैं। हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पुराने विवादों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



