दीक्षा देती है आंतरिक मजबूती, शिक्षा बनाती है समर्थ: विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा

शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय के दीक्षारंभ समारोह का समापन, छात्राओं के विकास के लिए अनुदान देने की घोषणा

शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के तृतीय दिवस का समापन समारोहपूर्वक हुआ। अंतिम दिन नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने छात्राओं को प्रारंभिक शिक्षा से उच्च शिक्षा की ओर सही दिशा में अग्रसर होने का संदेश देते हुए उनके सतत विकास के लिए आवश्यक अनुदान प्रदान करने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल ने कहा कि महाविद्यालय का वातावरण विद्यार्थियों की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। श्रेष्ठ संस्थान में अध्ययन उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षा व्यक्ति को आंतरिक सुदृढ़ता प्रदान करती है, जबकि शिक्षा उसे शैक्षणिक रूप से समर्थ और प्रबुद्ध बनाती है। यह नई उड़ान का स्वर्णिम अवसर है। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. महेंद्र जैन ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
संयोजिका डॉ. कविता जैन मंगलम ने विभिन्न समितियों के प्रभारियों से छात्राओं का परिचय कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग की डॉ. मीना मोघे एवं डॉ. इब्राहिम अली द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना व मध्यप्रदेश गान से हुआ। आयोजन में वीथिका जैन, डॉ. अजय हाड़ा, डॉ. अब्दुल वाहिद, डॉ. सीमा उपाध्याय, डॉ. शगुफ्ता, डॉ. सिद्दीकी पुगारे, डॉ. शबाना, डॉ. पूजा साहू एवं डॉ. योगिता खटके का विशेष सहयोग रहा। आभार डॉ. स्मिता देराश्री ने माना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button