उज्जैन में दर्दनाक हादसा: त्रिवेणी रपट से शिप्रा नदी में गिरी बाइक, दिव्यांग पत्नी की डूबने से मौत

ढाबे से लौटते समय बिगड़ा बाइक का संतुलन, पति ने तैरकर बचाई जान लेकिन पत्नी को नहीं बचाया जा सका

उज्जैन। शहर के त्रिवेणी रपट पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दंपत्ति शिप्रा नदी में जा गिरे। हादसे में दिव्यांग महिला की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके पति ने तैरकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलने पर नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ऋतु (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शाजापुर जिले के कालापीपल क्षेत्र के ग्राम कोठड़ी की निवासी थी। वह पिछले एक वर्ष से अपने पति पवन के साथ उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में केटीएम शोरूम के पास किराए के मकान में रह रही थी।

बताया गया कि बुधवार रात दोनों इंदौर रोड स्थित एक ढाबे पर भोजन करने गए थे। वापस लौटते समय त्रिवेणी रपट पार करते हुए अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों शिप्रा नदी में गिर पड़े।

पति ने तैरकर बचाई जान, पत्नी को नहीं बचाया जा सका

पवन को तैरना आता था, इसलिए वह किसी तरह नदी से बाहर निकल आया। इसके बाद उसने पत्नी को बचाने का प्रयास किया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

प्रेम विवाह के बाद उज्जैन में रह रहे थे

पुलिस को दिए बयान में पवन ने बताया कि उसने ऋतु से प्रेम विवाह किया था। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। ऋतु पैर से दिव्यांग थी और दोनों पिछले करीब एक वर्ष से उज्जैन में रह रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button