MP पंचायत उपचुनाव 2026: 103 पदों पर मतदान, सुसनेर में EVM को लेकर विवाद; विधायक ने तहसीलदार से जताई नाराजगी
सुसनेर में EVM के सीरियल नंबर को लेकर करीब 15 मिनट रुका मतदान, बाद में रैंडमाइजेशन के चलते नंबर अलग होने की बात सामने आई; रायसेन और खरगोन में ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया

भोपाल। मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत मंगलवार, 29 सितंबर को विभिन्न जिलों में मतदान कराया गया। पंचायतों के रिक्त पदों में से अब 103 पदों पर वोटिंग हो रही है। इनमें पंच के 4, सरपंच के 79 और जिला पंचायत सदस्य के 5 पद शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि कुछ सीटों पर नामांकन नहीं आने और न्यायालय की रोक के कारण मतदान नहीं कराया जा रहा है।
सुसनेर में EVM के सीरियल नंबर को लेकर विवाद
आगर-मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान वार्ड-7 के मतदान केंद्र पर EVM के सीरियल नंबर को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इसके चलते करीब 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा।
कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार ने मतदान केंद्र पर मौजूद EVM के नंबर को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उनके पास उपलब्ध पुरानी सूची में दर्ज सीरियल नंबर और मतदान केंद्र की मशीन के नंबर में अंतर था। इसको लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी मांगी और तहसीलदार से फोन पर बात की।
बातचीत के दौरान विधायक ने नाराजगी जताते हुए बिना सूचना मशीन बदले जाने पर सवाल उठाया और कहा, “बिना सूचना के मशीन बदल दी गई। क्या तुम्हारे बाप का राज है क्या?”
विवाद बढ़ने पर दोनों दलों के समर्थक मतदान केंद्र पर पहुंच गए। बाद में सामने आया कि रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के बाद EVM बदलने के कारण सीरियल नंबर अलग था। स्थिति स्पष्ट होने के बाद मतदान दोबारा शुरू करा दिया गया।
सुसनेर में फर्जी मतदान की शिकायत पर भी हंगामा
नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान एक अन्य मतदान केंद्र पर कथित फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
वहीं वार्ड-10 के एक बूथ पर फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच भी विवाद की स्थिति बनी। बीएलओ ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया नियमानुसार कराई जा रही है।
रायसेन और खरगोन में ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाई
रायसेन जिला पंचायत वार्ड-3 के उपचुनाव में कुछ गांवों के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद कुछ स्थानों पर मतदान शुरू कराया गया।
खरगोन जिला पंचायत वार्ड-19 के चुनाव में गोपालपुरा पंचायत के नवलपुरा में ग्रामीणों ने सड़क, श्मशान तक रास्ता और पुलिया निर्माण की मांग उठाते हुए मतदान नहीं करने का फैसला किया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पुलिया के अभाव में आवागमन प्रभावित होता है।
कई जिलों में अलग-अलग मतदान प्रतिशत
प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह से मतदान जारी रहा। मऊगंज की नईगढ़ी और हनुमना जनपद क्षेत्रों में दोपहर तक मतदान 50 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया। नलखेड़ा में भी जनपद सदस्य पद के लिए मतदान जारी रहा।
आलीराजपुर के सोंडवा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे तक 46.98 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। झाबुआ जिला पंचायत वार्ड-6 में सुबह 11 बजे तक 31.89 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि थांदला की पलासड़ोर पंचायत में सरपंच पद के लिए 63.98 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
देवास जिले की साकट्या पंचायत में सुबह 11 बजे तक करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां सरपंच पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
79 सरपंच पदों पर हो रही वोटिंग
उपचुनाव के लिए 110 सरपंच पदों की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इनमें 21 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया, जबकि 4 पदों पर न्यायालय की रोक है। इस वजह से मंगलवार को 79 सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।
पंच के 4,091 रिक्त पदों की चुनाव प्रक्रिया में 604 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। 3,480 पदों पर नामांकन नहीं आने के कारण चुनाव नहीं हो सका। अब केवल 4 पंच पदों पर मतदान कराया जा रहा है।
जनपद पंचायत सदस्य के 28 पदों में से 12 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है और 15 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।
3 और 5 अक्टूबर को आएंगे चुनाव परिणाम
पंचायत उपचुनाव में सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी। इन पदों के परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
वहीं जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर 2026 को जारी किए जाएंगे।



