सिंहस्थ-2028 के कार्य तय समय में पूरे हों, बारिश में बिजली व्यवस्था और पाइपलाइन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सांसद अनिल फिरोजिया
दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, विद्युत पोल-तारों के रखरखाव, ईडब्ल्यूएस आवास आवंटन और सवारी मार्ग के शीघ्र सुधार के दिए निर्देश

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सांसद अनिल फिरोजिया ने की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
बैठक के दौरान सांसद ने कहा कि वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है, ऐसे में विद्युत विभाग बिजली के पोल, तारों और अन्य उपकरणों का नियमित निरीक्षण एवं संधारण सुनिश्चित करे। कहीं भी ढीले तार या क्षतिग्रस्त पोल दुर्घटना का कारण न बनें तथा आम नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे।
उन्होंने गैस लाइन, पाइपलाइन और सीवरेज लाइन से जुड़े निर्माण कार्यों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए। सांसद ने कहा कि खुदाई और पाइपलाइन बिछाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में एमआर-05 रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के समीप नाले से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का भी मुद्दा उठा। सांसद ने प्रशासन को इसका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत चार नए ट्रांसफर स्टेशन बनाए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। वहीं जूना सोमवारिया क्षेत्र में सड़क पर बने ऊंचे चेंबरों को समतल कर दिया गया है ताकि आवागमन सुगम हो सके।
सांसद ने यह भी निर्देश दिए कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले पात्र परिवारों को निगम, बोर्ड और विकास प्राधिकरण की कॉलोनियों में खाली पड़े ईडब्ल्यूएस आवास जल्द आवंटित किए जाएं। साथ ही नई आवासीय कॉलोनियों के निर्माण में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। इस पर कलेक्टर ने बताया कि स्थानीय कॉलोनाइजरों के साथ कार्यशाला आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
बैठक में आगामी श्रावण और भादौ माह में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी को ध्यान में रखते हुए सवारी मार्ग के सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि ढाबा रोड का निर्माण कार्य दिन-रात जारी है और इसे 15 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का पुनर्निर्माण तेजी से किया जाए। वहीं राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज ने जिन क्षेत्रों में अभी भी टैंकरों से पेयजल आपूर्ति हो रही है, वहां प्राथमिकता से पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के निर्माणाधीन भवनों, छात्रावासों में आरओ पेयजल व्यवस्था, विद्यार्थियों के प्रवेश और करियर काउंसलिंग जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



