40 लाख की लागत से बने नए प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात
उज्जैन उत्तर विधानसभा के वार्ड-01 में नवनिर्मित स्कूल भवन का शुभारंभ, विद्यार्थियों को साइकिल वितरण और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं पर दिया गया जोर

उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-01 में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा ने शनिवार को 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
नवनिर्मित विद्यालय भवन को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया गया है। भवन में सुसज्जित कक्षाएं, बेंच, कुर्सियां तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइकिलों का भी वितरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना प्राथमिकता है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर, मध्यप्रदेश कर्मचारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



