उज्जैन में बनेगा आधुनिक हॉकर्स ज़ोन, फुटकर व्यापारियों को मिलेगा स्थायी और सुविधायुक्त कारोबार स्थल

मक्सी रोड स्थित पुराने वर्कशॉप डिपो का होगा कायाकल्प, महापौर मुकेश टटवाल ने तीन दिन में एस्टीमेट और ड्राइंग तैयार करने के दिए निर्देश।

उज्जैन। शहर के छोटे और फुटकर व्यापारियों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। मक्सी रोड ब्रिज के समीप स्थित नगर निगम के पुराने वर्कशॉप डिपो को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हॉकर्स ज़ोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से व्यापारियों को स्थायी पहचान मिलने के साथ शहर में अतिक्रमण और यातायात की समस्या पर भी नियंत्रण मिलेगा।

सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल ने अपर आयुक्त संतोष टैगोर और अन्य अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले तीन दिनों के भीतर परियोजना का एस्टीमेट, ले-आउट और ड्राइंग-डिजाइन तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि विकास कार्य जल्द शुरू हो सके।

व्यापारियों को मिलेंगी सभी मूलभूत सुविधाएं

महापौर ने कहा कि हॉकर्स ज़ोन को इस तरह विकसित किया जाए कि छोटे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यहां व्यवस्थित दुकानें, चौड़े आवागमन मार्ग, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और बारिश व गर्मी से बचाव के लिए टीन शेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

ब्रिजों के नीचे भी विकसित होंगे हॉकर्स ज़ोन

नगर निगम ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी हॉकर्स ज़ोन विकसित करने की योजना बनाई है। महापौर ने बताया कि फाजलपुर क्षेत्र में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से ओटले और टीन शेड निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा शहर के प्रमुख ब्रिजों के नीचे भी चरणबद्ध तरीके से हॉकर्स ज़ोन बनाए जाएंगे।

इस पहल से फुटकर व्यापारियों को व्यवस्थित व्यापारिक स्थान मिलेगा, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कम होने से यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर तथा जोनल अधिकारी राकेश वास्कले भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button