लायंस क्लब उज्जैन क्लासिक की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान, 75 सदस्यों का हुआ सम्मान
संस्थापन समारोह में नई टीम ने ली शपथ, वर्षभर उत्कृष्ट सेवा देने वाले सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मान

उज्जैन, निप्र। लायंस क्लब उज्जैन क्लासिक के वार्षिक सेवा सम्मान एवं संस्थापन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर आगामी सत्र 2026-27 के लिए जिम्मेदारी संभाली। साथ ही क्लब की सेवा गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 सदस्यों को सम्मानित किया गया।
समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय संजय सक्सेना ने संस्थापन अधिकारी के रूप में नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर अमित जुल्का ने अध्यक्ष, विपुल सहगल ने सचिव तथा राजेश श्रीवास्तव ने कोषाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने क्लब द्वारा वर्षभर किए गए नेत्रदान, देहदान, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब समाजसेवा के साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष रविन्द्र वी. मुले ने अपने कार्यकाल में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 75 सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. अजय गुप्ता, जोन चेयरपर्सन पूनम जुल्का, डॉ. गौतम शर्मा, श्रीकांत वैशम्पायन सहित विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशा मुंडे और ईशा सहगल ने किया।



