महाकाल की पहली सवारी से पहले रामघाट पर अतिक्रमण हटाया, सात वाहनों में सामान जब्त
नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में काउंटर, तख्त व अस्थायी गुमटियां हटाईं; श्रद्धालुओं के लिए घाट क्षेत्र को व्यवस्थित करने पर जोर

उज्जैन। बाबा महाकाल की पहली सवारी से पहले रामघाट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी कार्यवाही की है। गुरुवार को नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने घाट क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध रूप से रखे गए काउंटर, तख्त, गुमटियां और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान हटाए गए सामान को तीन डम्पर और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर जब्त किया गया। कार्यवाही के दौरान टीम ने घाट के प्रमुख प्रवेश मार्गों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले हिस्सों को खाली कराया।
पहली सवारी के लिए तैयार किया जा रहा रामघाट
बाबा महाकाल की पहली सवारी 3 अगस्त को नगर भ्रमण पर निकलेगी। परंपरा के अनुसार महाकाल की पालकी रामघाट पहुंचेगी, जहां भगवान का पूजन-अर्चन किया जाएगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन घाट क्षेत्र में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रहा है।
श्रावण मास में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के लिए रामघाट आते हैं। अस्थायी अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर रास्ते संकरे हो गए थे, जिससे भीड़ के समय आवागमन बाधित होने की आशंका बनी हुई थी।
अस्थायी संरचनाओं को हटाकर रास्ते किए खाली
संयुक्त टीम ने घाट पर बिना अनुमति रखे गए लोहे और लकड़ी के काउंटर, तख्त, अस्थायी गुमटियां तथा अन्य सामान हटाया। नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी।
प्रशासन का कहना है कि सवारी मार्ग और रामघाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयोजन से पहले रास्तों की पर्याप्त चौड़ाई, आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि रामघाट सहित धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत कब्जे के विरुद्ध कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल, रिमूवल गैंग प्रभारी मोनू थनवार सहित नगर निगम और पुलिस प्रशासन का अमला मौजूद रहा।



