होटल नक्षत्र से पंचकोशी मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण का निरीक्षण, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

300 मीटर हिस्से में डीएलसी कार्य पूर्ण, जल्द शुरू होगा पीक्यूसी सड़क निर्माण

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए पंचकोशी मार्ग पर श्रद्धालुओं और आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने गुरुवार को होटल नक्षत्र से पंचकोशी मार्ग (ब्रिज) तक चल रहे निर्माण कार्य का मौके पर निरीक्षण किया।

करीब 450 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। मार्ग के एक हिस्से में लगभग 300 मीटर तक डीएलसी कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

लेआउट के अनुसार चौड़ाई की नपती के निर्देश

आयुक्त मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क का निर्माण निर्धारित लेआउट के अनुरूप किया जाए। मार्ग की वास्तविक चौड़ाई की नपती सुनिश्चित करने के साथ निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि डीएलसी कार्य पूरा होने के बाद पीक्यूसी सड़क निर्माण जल्द शुरू किया जाए, ताकि पूरी परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो सके।

सिंहस्थ को देखते हुए महत्वपूर्ण मार्ग

होटल नक्षत्र से पंचकोशी मार्ग तक किया जा रहा चौड़ीकरण कार्य सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़ा है। मार्ग के विकसित होने से पंचकोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री रवि राठौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button