आधार कार्ड दिखाकर उज्जैनवासी करें श्री महाकाल के दर्शन, महापौर मुकेश टटवाल की अपील
महाशिवरात्रि पर्व पर अवंतिका द्वार से शहरवासियों के लिए सुचारू दर्शन व्यवस्था जारी रहेगी

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर उज्जैन शहर के नागरिकों को श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर स्थित अवंतिका द्वार से उज्जैनवासियों के लिए आधार कार्ड दिखाकर दर्शन की सुविधा प्रारंभ की गई है।
सोमवार को महापौर श्री मुकेश टटवाल ने एमआईसी सदस्यों के साथ अवंतिका द्वार पहुंचकर दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान दर्शन व्यवस्था पूर्व में निर्धारित प्रणाली के अनुसार सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई। महापौर ने दर्शन के लिए पहुंचे शहरवासियों से संवाद कर उनकी व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिक्रिया भी ली।
महापौर श्री टटवाल ने उज्जैन के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए अपने आधार कार्ड के माध्यम से निर्धारित व्यवस्था का लाभ लें। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान भी यही दर्शन प्रणाली निरंतर रूप से लागू रहेगी, जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं को सहज एवं सुरक्षित दर्शन प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री प्रकाश शर्मा, श्री रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर एवं सहायक प्रशासक श्री मूलचंद जूनवाल उपस्थित रहे।



