माकनी गांव में डेढ़ घंटे घूमता रहा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने देखा तेंदुआ; मोबाइल कैमरों में कैद हुई तस्वीरें, वन विभाग की टीम रखेगी नजर

बदनावर के कानवन थाना क्षेत्र के माकनी गांव में शुक्रवार देर रात तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नयापुरा मोहल्ले में रात करीब 1:30 बजे नजर आया तेंदुआ करीब डेढ़ घंटे तक गांव की गलियों में घूमता और अलग-अलग जगहों पर बैठा रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों से उसकी गतिविधियों के वीडियो बनाए।

ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए के साथ उसका एक शावक भी नजर आया। काफी देर तक गांव में रहने के बाद तेंदुआ पीलियाखाल जंगल की तरफ चला गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

कुत्तों के भौंकने से हुआ तेंदुए का पता

रात के समय गांव में कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनाई दे रही थी। इसी दौरान विजय पंडित छत पर गए और गली की तरफ नजर डालने पर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

कुछ ही देर में तेंदुए के गांव में होने की खबर फैल गई। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों और सुरक्षित स्थानों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखने लगे।

मोबाइल कैमरों में कैद हुई तेंदुए की तस्वीरें

ग्रामीण रितेश राठौर के अनुसार, तेंदुआ काफी समय तक गांव की गली में मौजूद रहा। लोगों ने दूरी बनाए रखते हुए मोबाइल फोन से उसके वीडियो और फोटो रिकॉर्ड किए। करीब डेढ़ घंटे बाद तेंदुआ जंगल की दिशा में चला गया।

वन विभाग करेगा निगरानी

ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दे दी है। जानकारी के अनुसार सरदारपुर से वन विभाग की टीम शनिवार को माकनी गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण करेगी और तेंदुए की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाएगी।

तेंदुए की मौजूदगी के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण जंगल की ओर जाने से भी फिलहाल बच रहे हैं और आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरत रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button