उज्जैन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, न्यू कैफे मयूरम से 54 किलो मिठाई जब्त
मिल्क केक के नाम पर बेची जा रही मिठाई की जांच के लिए नमूने भेजे गए भोपाल, जल्द नष्ट कराई गई जब्त सामग्री

उज्जैन, 27 अगस्त। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत उज्जैन शहर और उन्हेल क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान न्यू कैफे मयूरम, शहीद पार्क फ्रीगंज से 54 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने राठौर नमकीन, ओल्ड बस स्टैंड उन्हेल से मोतीपाक और मावा पेड़ा, कोठारी कैटर्स नमकीन एंड स्वीट्स, हीरामिल रोड से मावा बर्फी और घेवर के नमूने लिए। वहीं न्यू कैफे मयूरम से श्री कृष्णा स्पेशल मिल्क केक और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन, एमपीबी ऑफिस फ्रीगंज से भी मिल्क केक का नमूना लिया गया।
न्यू कैफे मयूरम में मिली 54 किलो मिठाई
विभाग को मिली सूचना के बाद टीम ने न्यू कैफे मयूरम का निरीक्षण किया। यहां कार्डबोर्ड के डिब्बों में 2-2 किलोग्राम की पैकिंग में मिठाई रखी मिली। जांच के दौरान 19 खाली डिब्बे भी मिले। बताया गया कि डिब्बों में मौजूद मिठाई को निकालकर मिल्क केक के रूप में ट्रे में जमाया गया था और इसी नाम से बिक्री की जा रही थी।
पैकिंग पर सामग्री के रूप में वेजिटेबल ऑयल, शुगर और मिल्क पाउडर का उल्लेख पाया गया। टीम ने पैकिंग और ट्रे में रखे मिल्क केक के नमूने जांच के लिए लिए। इसके बाद शेष 54 किलो मिठाई को जब्त कर लिया गया। सामग्री शीघ्र खराब होने वाली प्रकृति की होने के कारण उसका मौके पर ही नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सामग्री अमानक या नियमों के विपरीत पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय प्रतिष्ठान का वैध लाइसेंस या पंजीयन जरूर देखें। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर तत्काल संबंधित विभाग को शिकायत करें।



