सिंहस्थ 2028 की तैयारी: अर्जी वाले हनुमान मंदिर में लगाए जाएंगे 2,000 फलदार पौधे
महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज के सानिध्य में 5 जुलाई को होगा वृहद पौधरोपण, श्रद्धालुओं को फल और प्राकृतिक छाया उपलब्ध कराने की पहल

बडऩगर रोड स्थित अर्जी वाले हनुमान मंदिर में निरंजनी अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज के सानिध्य में 5 जुलाई को वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। सिंहस्थ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में 2 हजार फलदार पौधे रोपे जाएंगे।
यह निर्णय मंदिर ट्रस्ट की बैठक में लिया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ 2028 में देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ताजे फल और प्राकृतिक छाया उपलब्ध कराना है। पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पिछले वर्ष भी मंदिर परिसर में एक हजार फलदार पौधों का रोपण किया गया था। अब ये पौधे पेड़ का रूप लेने लगे हैं और इनमें फल भी आने लगे हैं।
पौधरोपण की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में महामंडलेश्वर गुरु माँ आनन्दमयी पुरी, प्रणेश शुक्ला, निलेश पांचाल, टीना झाला, पंकज जायसवाल, रोहन पंडित, प्रिया पांडे, नैना मेवाड़ा, जितेन्द्र त्रिपाठी, भावना बैरागी, नन्दनी बैरागी, महेन्द्र चौधरी, दिशा बजाज, मोहन आंजना और भाविका सोनी उपस्थित थे।



