कंठाल-सती गेट मार्ग का बदलेगा स्वरूप, राजसी सवारी से पहले निगम ने बढ़ाई तैयारी

7 सितंबर की राजसी सवारी को लेकर काम तेज, 5 सितंबर तक फिनिशिंग और सफाई पूरी करने का लक्ष्य

उज्जैन। बाबा महाकाल की 7 सितंबर को निकलने वाली राजसी सवारी को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहा से सती गेट होते हुए छत्री चौक तक करीब 450 मीटर मार्ग का चौड़ीकरण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब इसे सवारी के अनुरूप व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए अंतिम चरण के काम किए जा रहे हैं।

नगर निगम की टीमें दिन-रात मौके पर जुटी हैं। मार्ग को करीब 15 मीटर चौड़ा विकसित किया गया है। अब पेवर ब्लॉक, कोबल स्टोन, प्रकाश व्यवस्था, फिनिशिंग और सफाई जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सती गेट को मिलेगा हेरिटेज लुक

सती गेट क्षेत्र को आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए दोनों ओर करीब 25-25 मीटर क्षेत्र में कोबल स्टोन लगाए जा रहे हैं। कुल 50 मीटर हिस्से में यह काम किया जा रहा है। इससे सती गेट का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित नजर आएगा।

कंठाल चौराहे पर पेवर ब्लॉक और नई प्रकाश व्यवस्था

कंठाल चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए पेवर ब्लॉक लगाने का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा अंडरग्राउंड लाइट शिफ्टिंग का कार्य भी किया गया है। इससे सड़क क्षेत्र में फैले तारों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

5 सितंबर तक पूरा मार्ग तैयार करने का लक्ष्य

नगर निगम ने सवारी से पहले सभी काम पूरे करने के लिए अतिरिक्त टीमें लगाई हैं। बुधवार रात से गुरुवार तक सती गेट पर कोबल स्टोन और कंठाल चौराहे पर पेवर ब्लॉक का काम पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद 4 सितंबर से मार्ग की फिनिशिंग, सफाई और बाकी छोटे कार्य किए जाएंगे।

5 सितंबर तक पूरे मार्ग को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि राजसी सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित मार्ग मिल सके।

अधिकारी कर रहे लगातार मॉनिटरिंग

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का फोकस मार्ग की सुंदरता के साथ यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button