उज्जैन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने थामी सेवा ज्योति मशाल, प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सेवा काल पर लिया संकल्प

सेवा संकल्प सभा में मुख्यमंत्री ने कहा- विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आज से ही जुटना होगा, फ्रीगंज में निकली सेवा ज्योति यात्रा

उज्जैन, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन में सेवा संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।

फ्रीगंज स्थित आस्था गार्डन में आयोजित सभा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मशाल थामकर सेवा ज्योति यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा आस्था गार्डन से शुरू होकर शहीद पार्क तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने दिलाया सेवा का संकल्प

आस्था गार्डन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश को प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलना सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार राष्ट्रसेवा में योगदान देने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का प्रत्येक चरण देश की सेवा के लिए समर्पित रहा है। अब 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के विस्तार का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में धार्मिक पर्यटन का विस्तार तेजी से हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्ष उज्जैन में 7 करोड़ से अधिक तीर्थ यात्री पहुंचे। आने वाले समय में शहर में धार्मिक पर्यटन के साथ विकास की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद जताई।

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों को सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी दिलाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली किया संबोधित

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता ने लगातार उन्हें अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने देश की सेवा के लिए और अधिक शक्ति एवं सामर्थ्य मिलने की प्रार्थना करने की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में मिला जनता का विश्वास और अनुभव उनके लिए बड़ी पूंजी है और यह पूंजी देश तथा देशवासियों की है।

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को बताया चुनौतीपूर्ण यात्रा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन प्रधानमंत्री ने उनका सामना करते हुए देश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और बदलाव की दिशा में कई काम हुए हैं। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि संचालन आनंद खींची ने किया।

वरिष्ठजनों का किया गया सम्मान

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सेवा ज्योति यात्रा में हिस्सा लिया। मशाल यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंड्या, सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button