उज्जैन नगर निगम को मिले 8 नए वाहन, 1.47 करोड़ रुपये की लागत से बढ़े संसाधन
विधायक और महापौर ने किया वाहनों का पूजन व लोकार्पण, संकरी गलियों में भी पहुंचेंगे छोटे मोक्ष रथ

उज्जैन। नागरिकों को बेहतर और समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम उज्जैन ने अपने वाहन बेड़े में आठ नए वाहन शामिल किए हैं। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर करीब 1 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए इन वाहनों का शुक्रवार को विधि-विधान से पूजन कर लोकार्पण किया गया।
उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और महापौर मुकेश टटवाल ने वर्कशॉप विभाग प्रभारी जितेंद्र कुवाल एवं अपर आयुक्त संतोष टैगोर की मौजूदगी में वाहनों का पूजन किया। नए वाहनों में चार मिनी डंपर और चार शव वाहन यानी मोक्ष रथ शामिल हैं।
90 लाख में खरीदे गए चार मिनी डंपर
नगर निगम के अनुसार करीब 90 लाख रुपये की लागत से चार मिनी डंपर खरीदे गए हैं। इन वाहनों के निगम के संसाधनों में शामिल होने से शहर में सफाई एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों को मजबूती मिलेगी।
57 लाख की लागत से चार मोक्ष रथ
निगम ने करीब 57 लाख रुपये की लागत से चार शव वाहन भी खरीदे हैं। इनमें दो छोटे और दो बड़े मोक्ष रथ शामिल हैं। खास बात यह है कि छोटे मोक्ष रथों को शहर की संकरी और छोटी गलियों तक पहुंचने के लिहाज से उपयोगी बनाया गया है।
अब तक बड़े शव वाहनों के कारण कई संकरी गलियों में अंतिम यात्रा के लिए वाहन पहुंचाना मुश्किल होता था। ऐसे में वाहन को मुख्य मार्ग पर रोककर आगे की व्यवस्था करनी पड़ती थी। छोटे मोक्ष रथ उपलब्ध होने से ऐसी जगहों पर भी जरूरतमंद परिवारों को शव वाहन की सुविधा आसानी से मिल सकेगी।
विधायक और महापौर निधि से जुटाई राशि
चारों मोक्ष रथों की खरीद के लिए 22 लाख रुपये विधायक निधि और 35 लाख रुपये महापौर निधि से खर्च किए गए हैं। निगम के अनुसार नए वाहनों के शामिल होने से उसके संसाधन मजबूत होंगे और नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रजत मेहता, पार्षद दिलीप परमार, मंडल अध्यक्ष रितेश जटिया, विक्रम सिंह ठाकुर, अजय तिवारी, जगदीश पांचाल, अशोक केथवास, विशाल शर्मा, शानू मेहता सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



