धार्मिक स्थलों की सफाई में नहीं होगी लापरवाही, महापौर ने वार्ड-33 का किया निरीक्षण
चारधाम मंदिर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने और नालियों पर हुए अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

उज्जैन। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर मुकेश टटवाल ने गुरुवार को वार्ड क्रमांक 33 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता बनाए रखने, जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने और नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ वार्ड पार्षद लीला वर्मा, एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त संजेश गुप्ता सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि वार्ड-33 धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए यहां नियमित सफाई के साथ विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने चारधाम मंदिर के आसपास स्थित मल्टी और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बेहतर करने तथा जलभराव रोकने के लिए स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिन दुकानदारों ने नालियों के ऊपर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित होती है, जिससे बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



