उज्जैन में बारिश के बीच करंट से युवक की मौत, हरिफाटक चौराहे पर बिजली का तार टूटने से हुआ दर्दनाक हादसा
हाईटेंशन लाइन का तार पानी में गिरने से फैला करंट, बाइक सवार की मौके पर बिगड़ी हालत, कलेक्टर ने परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की।

शहर में रविवार रात हुई तेज बारिश के दौरान हरिफाटक चौराहे के पास एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर भरे बारिश के पानी में गिर गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया। घटना के बाद बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 8 बजे हरिफाटक चौराहे के समीप शिप्रा ढाबा के सामने हुआ। ग्राम तालोद निवासी 35 वर्षीय छोटू उर्फ आशिक पटेल अपने दो भतीजों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गोल्डन पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही उनकी बाइक पानी से भरी सड़क पर पहुंची, तभी उन्हें पानी में करंट होने का एहसास हुआ।
बाइक पर पीछे बैठे दोनों युवकों ने तुरंत छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, लेकिन आशिक पटेल बिजली के टूटे तार की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और बिजली विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत बिजली कंपनी को सूचना देकर संबंधित क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद युवक को अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
टल सकता था बड़ा हादसा
घटना जिस स्थान पर हुई, वह महाकाल मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए प्रमुख मार्गों में शामिल है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था और उसमें करंट फैलने से कई अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन करंट महसूस होने पर उन्हें पीछे हटना पड़ा।
नई हाईटेंशन लाइन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिफाटक ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान कुछ समय पहले ही इस मार्ग पर नई हाईटेंशन लाइन डाली गई थी। ऐसे में नई लाइन का तार टूटना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। नागरिकों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया है।



