स्वच्छता पखवाड़ा: वार्ड-42 के सफाई मित्रों का सम्मान, छाता-टोपी व गमछे वितरित, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में हुआ पौधारोपण
निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने कहा— सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान नगर निगम की प्राथमिकता, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह

उज्जैन। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड क्रमांक-42 में कार्यरत सफाई मित्रों के सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने सफाई मित्रों को छाते, टोपियां और गमछे वितरित किए। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री आनंद सिंह खींची, मंडल अध्यक्ष मुकेश पोरवाल तथा क्षेत्रीय पार्षद अंजलि बालकृष्ण पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सुबह से देर रात तक कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना नगर निगम सहित समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर सम्मान और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ता है और वे अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद के सहयोग से सफाई मित्रों को उपयोगी सामग्री वितरित की गई। साथ ही सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में कल्याण शिवहरे, कुलदीप पांचाल, पंकज मिश्रा, राजेंद्र शर्मा, अनुज रघुवंशी, अभिजीत ठाकुर, अमित पंड्या, प्रेम नारायण उपाध्याय, महेश खंडेलवाल, प्रमोद देशपांडे, कैलाश चंद्र वैद्य, विनय चौहान, सोनू मालवीय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।



