भारत-वेस्टइंडीज टी-20: 10 अक्टूबर दोपहर इंदौर पहुंचेंगी दोनों टीमें, 11 को सीधे मैच पर फोकस

रांची मुकाबले के बाद व्यस्त सफर के चलते मुख्य मैदान पर नेट प्रैक्टिस नहीं होगी, जरूरत पड़ने पर एकेडमी एरिया में अभ्यास की सुविधा रहेगी

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दोनों टीमें 10 अक्टूबर की दोपहर इंदौर पहुंचेंगी। लगातार मैच और यात्रा के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए खिलाड़ियों के लिए उसी दिन शाम को नियमित नेट प्रैक्टिस का कार्यक्रम नहीं रखा गया है।

भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 10 अक्टूबर को दोपहर बाद इंदौर पहुंचने के बाद अपने-अपने होटलों में जाएंगी। टीम इंडिया के ठहरने की व्यवस्था होटल मैरियट और वेस्टइंडीज टीम के लिए रेडिसन होटल में की गई है। रांची में 9 अक्टूबर को मुकाबला खेलने के बाद अगले दिन इंदौर की यात्रा के कारण खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम देने पर प्राथमिकता रहेगी।

मुख्य मैदान पर नहीं लगेंगी प्रैक्टिस नेट्स

होलकर स्टेडियम के मुख्य मैदान पर दोनों टीमों के लिए नियमित नेट सेशन आयोजित नहीं किया जाएगा। मैच से एक दिन पहले खिलाड़ियों के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए टीम मैनेजमेंट का फोकस रिकवरी और आराम पर रहेगा।

हालांकि, यदि कोई खिलाड़ी व्यक्तिगत तौर पर अभ्यास करना चाहता है तो उसके लिए एमपीसीए की ओर से स्टेडियम के एकेडमी एरिया में प्रैक्टिस की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। मैच के दिन भी खिलाड़ियों का पूरा नेट सेशन होने की संभावना नहीं है। मुकाबले से पहले हल्के वार्म-अप के साथ खिलाड़ी मैदान पर उतर सकते हैं।

ग्राउंड स्टाफ तैयारियों में जुटा

मैच को लेकर होलकर स्टेडियम का क्यूरेटर और ग्राउंड स्टाफ पिच तथा मैदान को अंतिम रूप देने में जुटा है। मैच के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर आउटफील्ड और पिच उपलब्ध कराने के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।

वनडे के बाद टी-20 सीरीज

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद अब टी-20 मुकाबलों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में और दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में निर्धारित है। इसके बाद 11 अक्टूबर को दोनों टीमें इंदौर के होलकर स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

लगातार मैचों के बीच कम अंतर होने के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों को यात्रा और रिकवरी के लिए सीमित समय मिल रहा है। ऐसे में इंदौर पहुंचने के बाद अभ्यास के बजाय आराम को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button