वार्ड-53 में 15 लाख की लागत से विकसित होगा आधुनिक उद्यान, निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने किया भूमि पूजन
बच्चों के लिए खेल उपकरण, ओपन जिम, पाथवे, लाइटिंग और हरियाली सहित आधुनिक सुविधाओं से सजेगा उद्यान

उज्जैन। शहर के वार्ड क्रमांक 53 में नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने क्षेत्र में बनने वाले आधुनिक उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत आएगी और इसके पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक पार्क की सौगात मिलेगी।
यह उद्यान बसंत विहार स्थित वेदा हॉस्पिटल के सामने नगर निगम की भूमि पर विकसित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत पाथवे निर्माण, बच्चों के लिए आकर्षक खेल उपकरण, ओपन जिम, पौधारोपण, आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था, भूमि समतलीकरण तथा बाउंड्री वॉल की रंगाई-पुताई सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष परेश कुलकर्णी, नगर कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव, क्षेत्रीय पार्षद निर्मला करण परमार तथा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष मुकेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकसित होने वाला यह उद्यान क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। पार्क में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं लोगों को स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण के साथ मनोरंजन एवं व्यायाम की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराएंगी।
इस अवसर पर उमेश सेंगर, पंकज मिश्रा, सुरेश गिरी, राजकुमार बंसीवाल, मधुकर राव, सचिन गोसर, प्रतीक्षा शर्मा, सुषमा पवार, शकुंतला शाक्य, रामलाल मालवीय, रामचंद्र चौधरी, राजू परब, सुशील गुप्ता, एल.के. बेस, सुभाष बख्शी, आशीष पंवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।



