राखी पर बाबा महाकाल को लगेगा सवा लाख लड्डुओं का महाभोग, 1500 किलो घी से बन रही प्रसादी

10 क्विंटल बेसन और 10 क्विंटल शकर बूरा से तैयार हो रहे लड्डू, 20 लोगों की टीम दो शिफ्टों में जुटी

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में राखी यानी श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बाबा महाकाल को एक बार फिर सवा लाख लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार की देखरेख में प्रसादी तैयार करने का काम शुरू हो गया है।

इस बार लड्डू तैयार करने के लिए करीब 1500 किलो घी, 10 क्विंटल बेसन, 10 क्विंटल शकर बूरा और 20 किलो ड्रायफ्रूट्स का उपयोग किया जा रहा है। प्रसाद निर्माण के लिए 20 लोगों की टीम लगाई गई है, जो आठ-आठ घंटे की दो शिफ्टों में लड्डू तैयार कर रही है।

पुजारी परिवार की जिम्मेदारी, मंगलवार से शुरू हुआ निर्माण

महाकाल मंदिर में राखी के पर्व पर बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाने की परंपरा रही है। हर वर्ष अलग-अलग पुजारी परिवारों को प्रसादी तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाती है। इस वर्ष यह जिम्मेदारी पुजारी राजेश गुरु, जितेंद्र गुरु, आकाश गुरु और ओम गुरु की ओर से निभाई जा रही है।

प्रसाद बनाने का काम मंगलवार शाम से शुरू किया गया। तैयार किए जा रहे लड्डुओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत महाभोग के लिए तैयार किया जा रहा है।

पहले अन्नकूट, फिर बाबा को लगेगा लड्डुओं का भोग

पुजारी राजेश गुरु के अनुसार, राखी के दिन सुबह बाबा महाकाल का अन्नकूट होगा। इसके बाद सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। भोग के बाद यह प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

अभय यादव ने लिया लड्डू निर्माण का जायजा

बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भतीजे समाजसेवी अभय यादव भी लड्डू निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और प्रसाद निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने कढ़ाई में खोचा चलाकर लड्डू बनाने की प्रक्रिया में भी सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button