गांधी जयंती पर कमल तालाब में स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

गांधी जयंती पर नगर निगम ने आयोजित किया स्वच्छता कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने ली स्वच्छता की शपथ

उज्जैन। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को उज्जैन नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत कमल तालाब, कोठी रोड पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना रहा।

सुबह करीब 8 बजे आयोजित कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान किया। इस दौरान कमल तालाब क्षेत्र में साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

स्वच्छता की शपथ के साथ पौधारोपण

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

नगर निगम की ओर से कहा गया कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

नागरिकों से जनअभियान में जुड़ने की अपील

नगर निगम उज्जैन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की है। निगम का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से उज्जैन को स्वच्छ, सुंदर और स्वच्छता के प्रति जागरूक शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्वास्थ्य समिति प्रभारी सत्यनारायण चौहान, एमआईसी सदस्य कैलाश प्रजापत, जोन अध्यक्ष सुरेंद्र मेहर, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, डॉ. नेहा जैन, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे, प्रफुल्ल गठरे, पवन कुमार फुलफकीर, डॉ. प्रभु लाल जाटवा, जगदीश पांचाल और कल्याण शिवहरे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button