महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए नई पहल, अब निशुल्क मिलेगा बाबा महाकाल का प्रसाद

सवा क्विंटल महाप्रसादी से शुरू हुआ वितरण, श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ पुष्प और बेलपत्र भी मिलेंगे

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने नई सुविधा शुरू की है। अब बाबा महाकाल के दर्शन के बाद प्रत्येक श्रद्धालु को निशुल्क प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। मंदिर परिसर में बनाए गए प्रसाद वितरण काउंटर का शुभारंभ सवा क्विंटल महाप्रसादी का भोग लगाकर किया गया।

मंदिर प्रबंध समिति की ओर से शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल को अर्पित प्रसादी के साथ पुष्प और बेलपत्र भी आशीर्वाद स्वरूप दिए जा रहे हैं। इसके लिए मंदिर परिसर में निर्गम चैनल के समीप निशुल्क प्रसाद वितरण काउंटर बनाया गया है।

प्रत्येक श्रद्धालु तक प्रसाद पहुंचाने की पहल

डिप्टी कलेक्टर एवं मंदिर की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य महाकाल मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु तक बाबा महाकाल की प्रसादी सहजता से पहुंचाना है। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि व्यवस्था मुख्यमंत्री की मंशानुरूप कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

निर्गम चैनल के पास बनाया गया काउंटर

निशुल्क प्रसाद वितरण की सुविधा मंदिर परिसर स्थित निर्गम चैनल के समीप उपलब्ध कराई गई है। दर्शन के बाद श्रद्धालु यहां से बाबा महाकाल को अर्पित प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ पुष्प और बेलपत्र भी श्रद्धालुओं को दिए जाएंगे।

मंदिर समिति के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं के धार्मिक अनुभव को और अधिक आत्मीय बनाना तथा उन्हें बाबा महाकाल की प्रसादी सहज रूप से उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button