खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क होगी 15 मीटर चौड़ी, 9.80 करोड़ से विकास कार्य
सिंहस्थ की तैयारियों के तहत नगर निगम ने शुरू की नपती और मार्किंग, प्रस्तावित चौड़ीकरण से 272 भवन प्रभावित होंगे

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों को बेहतर बनाने और यातायात व्यवस्था को सुगम करने की दिशा में नगर निगम ने सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 9.80 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा प्रस्तावित सड़क की सीमा तय करने के लिए सोमवार से मौके पर नपती और मार्किंग का काम शुरू कर दिया गया है। टीम द्वारा मार्ग का सर्वे करते हुए सड़क की प्रस्तावित सीमा और प्रभावित भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है।
272 भवनों पर पड़ेगा असर
सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना में कुल 272 भवन प्रभावित होना बताया गया है। नगर निगम की टीम नियमानुसार आगे की प्रक्रिया के लिए सर्वे और मार्किंग का काम कर रही है। नपती के जरिए यह निर्धारित किया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण के दायरे में कौन-कौन से निर्माण आएंगे।
यह मार्ग शहर के व्यस्त और महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना बनाई गई है।
निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर की नपती
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता सहित निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की नपती और प्रभावित भवनों पर मार्किंग की। टीम ने प्रस्तावित सड़क सीमा के अनुसार स्थल की स्थिति का निरीक्षण किया और जरूरी जानकारी भी जुटाई।
निगम के अनुसार सर्वे और नपती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।



