उज्जैन में डोल ग्यारस की तैयारियां तेज, महापौर ने फूलडोल चल समारोह मार्ग का किया निरीक्षण

मक्सी रोड के किशनपुरा मंदिर से शुरू होगा फूलडोल चल समारोह; सफाई, रोशनी, सड़क मरम्मत, पेयजल और अतिक्रमण हटाने पर रहेगा फोकस

उज्जैन। डोल ग्यारस के अवसर पर 22 सितंबर को प्रस्तावित फूलडोल चल समारोह को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह मक्सी रोड स्थित किशनपुरा मंदिर से शुरू होगा। आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल ने निगम अधिकारियों और बैरवा समाज के पदाधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान समारोह मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

रोशनी और सफाई व्यवस्था पर जोर

चल समारोह के रूट पर पर्याप्त पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मार्ग पर जहां सड़क खराब है, वहां पेंचवर्क कराने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया।

समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मार्ग से अतिक्रमण हटाने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की ट्रिमिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

पेयजल की भी रहेगी व्यवस्था

फूलडोल चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम अधिकारियों को सभी जरूरी कार्य आयोजन से पहले पूरा करने के लिए कहा गया।

समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य जितेंद्र कुवाल, पार्षद राजेंद्र गब्बर कुवाल, पूर्व महापौर मदन लाल लालावत, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल और संजेश गुप्ता मौजूद रहे।

बैरवा महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश जारवाल, फूलडोल चल समारोह अध्यक्ष बाबूलाल गोठवाल, बैरवा समाज नगर अध्यक्ष सुरेंद्र मरमट, दीपक मेहर, पूर्व पार्षद जितेंद्र तिलकर सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी निरीक्षण में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button