रामघाट पर बड़ा हादसा टला, SDRF और होमगार्ड जवानों ने डूब रहे दो श्रद्धालुओं की बचाई जान
महाकाल दर्शन के बाद शिप्रा में स्नान के दौरान गहरे पानी में फंसे प्रयागराज के दो युवकों का त्वरित रेस्क्यू, जवानों की सतर्कता से टली अनहोनी

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद शिप्रा नदी में स्नान करने पहुंचे प्रयागराज के दो श्रद्धालुओं की जान समय रहते बचा ली गई। रामघाट पर तैनात एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गहरे पानी में डूब रहे दोनों युवकों का सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी शिवा केसरी (19 वर्ष) और विकास केसरी (17 वर्ष) महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद रामघाट स्थित आरती स्थल पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
घाट पर ड्यूटी पर मौजूद एसडीआरएफ जवान राजेंद्र रॉगोटा और होमगार्ड जवान विजय दायम ने स्थिति को तुरंत भांप लिया। दोनों जवान बिना देर किए शिप्रा नदी में उतरे और साहसिक प्रयास करते हुए दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
धार्मिक आयोजनों और पर्वों के दौरान शिप्रा घाटों पर होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की नियमित तैनाती श्रद्धालुओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विभाग की सतर्कता और त्वरित बचाव कार्यों के चलते कई लोगों की जान बचाई जा चुकी है तथा डूबने की घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि नदी में सुरक्षा के लिए फ्लोटिंग बॉल, लाइफ बॉय और अन्य आधुनिक बचाव उपकरण लगाए गए हैं। प्रशिक्षित जवान लगातार घाटों पर निगरानी रखते हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि शिप्रा नदी में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। थोड़ी सी सावधानी किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है।



