उज्जैन रेलवे स्टेशन पर RPF-NCB की संयुक्त कार्रवाई, 80 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान से दक्षिण भारत ले जाई जा रही थी करीब 10 लाख रुपये की मादक पदार्थ की खेप, ट्रेन के स्लीपर कोच में दबोचा गया आरोपी

उज्जैन। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडी (MD) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह खेप राजस्थान से दक्षिण भारत पहुंचाने की तैयारी में था।
आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि एनसीबी को सूचना मिली थी कि जयपुर-मनारगुडी एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले संयुक्त टीम ने निगरानी बढ़ाई और ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान ट्रेन के एस-1 स्लीपर कोच में यात्रा कर रहे संदिग्ध युवक राजू विश्नोई, पिता भंवरलाल, निवासी पीथावास (जोधपुर, राजस्थान) को हिरासत में लिया गया। उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
भोपाल के रास्ते दक्षिण भारत पहुंचाने की थी योजना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोटा से मादक पदार्थ लेकर निकला था। उसकी योजना पहले भोपाल पहुंचने और वहां से दूसरी ट्रेन के माध्यम से दक्षिण भारत जाने की थी, जहां अधिक कीमत पर ड्रग्स बेचकर लाभ कमाने का इरादा था।
कार्रवाई के बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए एनसीबी इंदौर के हवाले कर दिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
संयुक्त टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में एएसआई साजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल मुख्तियार सिंह, राजाराम यादव, कमल सिंह और आशीष मारवाल सहित आरपीएफ की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को ट्रेन से उतरने से पहले ही पकड़ लिया गया।



