उज्जैन में विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जनजागृति रैली, परिवार नियोजन का दिया संदेश

11 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए सही अंतराल और जागरूकता पर रहेगा फोकस

उज्जैन। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय जनजागृति रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जहां आमजन को परिवार कल्याण और जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश दिया गया।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। छात्राओं ने हाथों में जनजागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ परिवार के संदेश आमजन तक पहुंचाए।

इस अवसर पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. मंजुषा पिप्पल, जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनीता परमार, डॉ. शिव मेन्या, डॉ. आदित्य माथुर (एपिडेमियोलॉजिस्ट), सहायक कार्यक्रम प्रबंधक दिलीप वसुनिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विश्व जनसंख्या दिवस विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं का विस्तार, जनजागरूकता गतिविधियां और स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “माँ और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण का सही समय और गर्भावस्था के बीच उचित अंतर आवश्यक है, अनचाहे गर्भधारण से बचें” रखी गई है। वहीं अभियान का संदेश “जब तक बच्चों में सही अंतरा, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और परिवारों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। अभियान के दौरान आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों, स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन विकल्पों, परामर्श सेवाओं तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button