उज्जैन को मिलेगी नई रफ्तार, ₹5017 करोड़ के ग्रीनफील्ड हाईवे का आज भूमि पूजन

करीब 99 किलोमीटर लंबा हाईवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा, ₹5017 करोड़ की परियोजना से उज्जैन, रतलाम और सिंहस्थ-2028 को मिलेगा बड़ा लाभ

उज्जैन। मध्यप्रदेश के बहुप्रतीक्षित उज्जैन-जावरा 4 लेन ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नागदा स्थित श्री ऋणमुक्तेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही वे कई अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे नागदा पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड हाईवे, केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी भवन तथा जनसेवा गृह का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हेलमेट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) द्वारा तैयार की जा रही यह परियोजना लगभग 98.73 किलोमीटर लंबी होगी। हाईवे उज्जैन जिले के मंगरोला से शुरू होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ते हुए जावरा तक पहुंचेगा। इस चार लेन मार्ग का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर किया जाएगा और इसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ पेव्ड शोल्डर भी बनाए जाएंगे।

करीब ₹5017 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना उज्जैन और रतलाम जिलों के लिए परिवहन और औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके बनने से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक सीधी और तेज़ कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही सिंहस्थ-2028 के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन भी अधिक सुगम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button