सूने मकान का इंटरलॉक तोड़कर लाखों की चोरी, दो बाइक और सीसीटीवी डीवीआर ले उड़े बदमाश
चार दिन से बंद था घर, खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसे चोर; बिरलाग्राम थाने में मामला दर्ज
नागदा। शहर के विद्यानगर क्षेत्र में एक बार फिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का इंटरलॉक और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए तथा दो मोटरसाइकिल, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कपड़ों और आर्टिफिशियल ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रिंग रोड के समीप स्थित मकान के मालिक शारदा गोपाल निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी शहर से बाहर होने के कारण वे पिछले चार दिनों से घर पर नहीं थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया।
बदमाशों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला और इंटरलॉक तोड़ा, फिर घर में प्रवेश कर सामान खंगाला। चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने खिड़की की जाली भी काट दी। चोर अपने साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए, जिससे वारदात के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
पीड़ित परिवार ने बिरलाग्राम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मकान में पहले भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में शिकायत देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। अब लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने इलाके के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



