बाबा गुमानदेव हनुमान गढ़ी में आज आम महोत्सव, गुलाबी घटा श्रृंगार और नौका विहार होंगे आकर्षण

पीपलीनाका रोड स्थित प्राचीन मंदिर में पंचामृत अभिषेक, मोगरा श्रृंगार, आमों का नैवेद्य और महाआरती के साथ भक्तों को मिलेंगे विशेष दर्शन।

उज्जैन। पीपलीनाका रोड स्थित प्राचीन बाबा गुमानदेव हनुमान गढ़ी में मंगलवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का विशेष उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर में नौका विहार, मोगरा श्रृंगार एवं आम महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर पहली बार श्रद्धालुओं को बाबा गुमानदेव के गुलाबी घटा श्रृंगार के दिव्य दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

मंदिर के गादीपति पंडित चंदन श्यामनारायण व्यास ने बताया कि सुबह 9 बजे पंचामृत पूजन एवं अभिषेक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद बाबा का आकर्षक गुलाबी वस्त्रों और आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।

मोगरे के फूलों से सजेगा मंदिर परिसर

महोत्सव के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर और भगवान की प्रतिमाओं को मोगरे के सुगंधित पुष्पों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही बाबा गुमानदेव का प्रतीकात्मक नौका विहार भी कराया जाएगा, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

विभिन्न किस्म के आमों का लगेगा भोग

आम महोत्सव के तहत भगवान को विभिन्न प्रजातियों के आमों का विशेष नैवेद्य अर्पित किया जाएगा। दिनभर धार्मिक आयोजन और दर्शन का क्रम चलता रहेगा। रात्रि 8:30 बजे महाआरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।

मंदिर समिति ने शहर के सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर बाबा गुमानदेव के दिव्य दर्शन और महोत्सव का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button