इंदौर में फर्जी IAS का भंडाफोड़, एमकॉम छात्र ‘राज सोनी’ बनकर बताता था खुद को कलेक्टर
घर और कार पर लगाई IAS कलेक्टर की नेम प्लेट, फाइव स्टार होटल के बिल ने खोला फर्जी अफसर का राज

इंदौर। शहर में खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर रौब जमाने वाले 28 वर्षीय युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला और एमकॉम का छात्र है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर ‘IAS राज सोनी’ के नाम से लोगों के बीच प्रभाव बनाने की कोशिश की।
पुलिस की कार्रवाई उस समय शुरू हुई, जब एक फाइव स्टार होटल से बिल भुगतान को लेकर शिकायत सामने आई। बताया गया कि आरोपी ने ड्राइवरों और परिचितों के लिए होटल में पार्टी रखी थी। उसने होटल स्टाफ को भरोसा दिलाया कि उसका PA जल्द ही बिल चुका देगा, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत की।
घर के बाहर लगी थी कलेक्टर की नेम प्लेट
शिकायत की जांच करते हुए पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। ओमेक्स सिटी-1 स्थित उसके किराए के मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को ‘IAS राज सोनी-डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ के नाम वाली नेम प्लेट और अन्य सामग्री मिली।
पुलिस के मुताबिक हिमांशु का रहन-सहन और लोगों से बातचीत करने का अंदाज भी किसी वरिष्ठ अधिकारी जैसा था। इसी तरीके से उसने आसपास के लोगों के बीच अपनी पहचान एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी के रूप में बनाई थी। कार पर भी IAS के नाम से संबंधित नेम प्लेट लगाए जाने की बात सामने आई है।
दस्तावेज मांगे तो नहीं दे सका जवाब
पुलिस ने जब आरोपी से उसके IAS अधिकारी होने से संबंधित दस्तावेज और जानकारी मांगी, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ आगे बढ़ने पर उसकी वास्तविक पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में सामने आई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी अधिकारी बनकर उसने किसी व्यक्ति से आर्थिक लाभ लिया या नहीं। साथ ही सरकारी काम में हस्तक्षेप अथवा फर्जी पहचान के जरिए किसी अन्य गतिविधि में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।
गुजरात में भी दर्ज है मामला
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ गुजरात के अडालज थाने में मई 2026 में मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में गुजरात पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लसूड़िया पुलिस ने BNS की धारा 204 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस उसके द्वारा फर्जी IAS बनकर किए गए संभावित अन्य कारनामों की भी पड़ताल कर रही है।



