PM ई-बस का कहर: 4 लोग आए चपेट में, एक की मौत; ऑटो को टक्कर के बाद भीड़ ने किया पथराव
राजबाड़ा में बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी, हादसा CCTV में कैद; ड्राइवर पुलिस हिरासत में, मामले की जांच जारी

इंदौर। राजबाड़ा क्षेत्र में रविवार को एक सरकारी सिटी बस के अनियंत्रित होकर आगे बढ़ने से बड़ा हादसा हो गया। बस की चपेट में आने से चार लोग घायल हुए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक ऑटो रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हुआ। घायलों और मृतक की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने बस में मौजूद यात्रियों को बाहर निकाला और इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बस पर पथराव कर दिया। ईंट-पत्थर लगने से बस के शीशे टूट गए। पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
ऑटो को टक्कर के बाद लोग आए बस की चपेट में
प्रत्यक्षदर्शी महिला शंकुतला के अनुसार, राजबाड़ा पर सड़क किनारे एक ऑटो रिक्शा खड़ा था। इसी दौरान बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के चलते ऑटो चालक नीचे गिर गया और बस की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शंकुतला ने बताया कि ऑटो के पास सामान बेचने वाला एक युवक भी मौजूद था, जो बस की चपेट में आने से घायल हो गया। इसके अलावा एक अन्य युवक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बस की गति तेज होने की बात कही।
CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
सामने आए CCTV फुटेज में चौराहे के पास कुछ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। पास में एक ऑटो रिक्शा भी मौजूद है। इसी दौरान बस अचानक आगे बढ़ती हुई दिखाई देती है और वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ जाते हैं।
फुटेज में ऑटो चालक के गिरने और अन्य लोगों के बस से टकराकर नीचे गिरने का घटनाक्रम दिखाई देता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और लोग मदद के लिए दौड़ते नजर आते हैं।
बस स्टैंड से अचानक आगे बढ़ी बस
एडिशनल एसपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, राजबाड़ा क्षेत्र में नगर सेवा का बस स्टैंड है, जहां सरकारी बस खड़ी थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और पूजा सामग्री की दुकानों की तरफ चली गई। रास्ते में मौजूद कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद बस चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन उसे हिरासत में ले लिया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान चालक या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद बस में तोड़फोड़
घटना के बाद राजबाड़ा पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला और उसके बाद बस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान बस के कई शीशे टूट गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



