इंदौर में खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, तेज प्रेशर से हुआ रिसाव; रहवासियों में दहशत
इंदौर के सुमन नगर में पानी की लाइन के लिए खुदाई के दौरान अवंतिका गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तेज प्रेशर से गैस रिसने पर रहवासी घबरा गए। इसी गली में पहले भी गैस लीकेज से कई लोग झुलस चुके हैं।

इंदौर। शहर के सुमन नगर इलाके में शनिवार शाम पानी की लाइन डालने के लिए खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मजदूरों की गेती पाइपलाइन से टकराने के बाद तेज प्रेशर के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। अचानक गैस निकलने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। सूचना मिलने पर गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और सप्लाई बंद कर पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया।
रहवासियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 5 बजे हुई। पानी की लाइन डालने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान अवंतिका गैस की पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा और गैस तेजी से बाहर निकलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शी कुमरावत सिंह सोलंकी ने बताया कि खुदाई का काम कर रहे दो मजदूरों के दौरान पाइपलाइन से तेज आवाज के साथ गैस निकलने लगी। उन्होंने तत्काल बिल्डिंग के सुपरवाइजर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुपरवाइजर ने गैस कंपनी से संपर्क कर रिसाव रोकने के लिए मदद मांगी।
इसी गली में पहले भी हो चुका है हादसा
गैस रिसाव की घटना के बाद स्थानीय रहवासियों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कुछ महीने पहले इसी गली में गैस पाइपलाइन से रिसाव के कारण बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें कई लोग झुलस गए थे। ऐसे में दोबारा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गैस कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर सप्लाई बंद की और मरम्मत का काम शुरू किया। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।
इस घटना ने भूमिगत पाइपलाइनों के आसपास खुदाई से पहले उनकी स्थिति और स्थान की जानकारी जुटाने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



