रामघाट पर श्रद्धालु डूबने से बचा, SDRF जवान ने नदी में छलांग लगाकर बचाई जान
स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया था विदिशा का श्रद्धालु, जवान राहुल परिहार ने तत्परता दिखाकर किया सुरक्षित रेस्क्यू

उज्जैन, 24 सितंबर 2026। शिप्रा नदी के रामघाट पर गुरुवार को स्नान के दौरान एक श्रद्धालु गहरे पानी में चला गया और डूबने की स्थिति में पहुंच गया। मौके पर तैनात एसडीआरएफ जवान ने समय रहते रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, विदिशा से उज्जैन आए श्रद्धालु रामघाट पर शिप्रा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख रामघाट पर ड्यूटी कर रहे एसडीआरएफ जवान राहुल परिहार ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।
जवान ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डूब रहे श्रद्धालु तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर हुए इस रेस्क्यू से श्रद्धालु की जान बच गई।
लगातार सतर्क हैं SDRF और होमगार्ड जवान
रामघाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति में जवान तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर रहे हैं।
रामघाट पर सुरक्षा बलों की तैनाती से नदी में होने वाले हादसों के दौरान समय पर मदद उपलब्ध हो रही है। जवानों की तत्परता से कई मौकों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन की ओर से नदी में स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहने और गहरे पानी की ओर नहीं जाने की अपील की जाती है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।



