India vs West Indies T20: इंदौर मैच के टिकट ₹1000 से शुरू, जानें पूरी Price List
11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होगा मुकाबला, MPCA ने गैलरी से हॉस्पिटैलिटी तक टिकटों के रेट किए जारी

इंदौर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए टिकटों की कीमतें घोषित कर दी गई हैं। मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (MPCA) ने स्टैंड और सुविधाओं के आधार पर टिकटों के अलग-अलग रेट तय किए हैं।
सबसे कम कीमत वाला टिकट 1,000 रुपये का होगा, जबकि हॉस्पिटैलिटी श्रेणी में टिकट की अधिकतम कीमत 12,500 रुपये रखी गई है। यह मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच प्रस्तावित पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच बताया गया है।
किस स्टैंड का कितना टिकट?
दर्शकों के लिए टिकट दरें इस प्रकार निर्धारित की गई हैं—
- ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर – ₹1,000
- वेस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर – ₹1,000
- ईस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर – ₹1,250
- वेस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर – ₹1,350
- ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर – ₹1,400
- वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रेगुलर – ₹1,500
- ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियर – ₹1,700
- वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियर – ₹1,800
पवेलियन और हॉस्पिटैलिटी टिकट भी जारी
पवेलियन श्रेणी में टिकटों की कीमत ₹5,500 से शुरू होकर ₹8,500 तक रखी गई है। साउथ पवेलियन थर्ड फ्लोर का टिकट ₹5,500, लोअर फ्लोर ₹6,500, सेकंड फ्लोर ₹7,500 और फर्स्ट फ्लोर का टिकट ₹8,500 होगा।
वहीं, फूड बॉक्स हॉस्पिटैलिटी टिकट ₹11,000 और लाइव हॉस्पिटैलिटी टिकट ₹12,500 का निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन होगी टिकटों की बिक्री
टिकटों की ऑनलाइन बिक्री के लिए ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ को आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर बनाया गया है। दर्शक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए टिकट खरीद सकेंगे। एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ले सकेगा।
टिकट बिक्री की शुरुआत की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। छात्रों और दिव्यांग दर्शकों के लिए रियायती टिकटों की दरें बाद में जारी की जाएंगी।
फर्जी टिकट लिंक से रहें सावधान
मैच को लेकर टिकटों की मांग बढ़ने की संभावना के बीच MPCA और क्राइम ब्रांच ने दर्शकों को फर्जी लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। सोशल मीडिया और WhatsApp पर मिलने वाले संदिग्ध लिंक के जरिए टिकट खरीदने से बचने और भुगतान से पहले आधिकारिक टिकटिंग माध्यम की जांच करने की अपील की गई है।



