समय-सीमा वाले प्रकरणों का तय अवधि में करें निराकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं में लाएं गति : सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट

समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीपीग्राम, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, संबल और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की प्रगति पर दिए सख्त निर्देश

उज्जैन, 20 जुलाई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांस कूमट की अध्यक्षता में सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में समयावधि पत्रों, सीएम हेल्पलाइन, सीपीग्राम तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं गति लाना रहा।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-सीमा वाले प्रकरणों का निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत या आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सीपीग्राम पर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश भी दिए।

आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री योजनाओं की समीक्षा

बैठक में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत निरामय योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को कार्ड निर्माण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया।

कृषि और शिक्षा विभाग को दिए विशेष निर्देश

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण, ई-विकास पोर्टल और लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि शासकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करने और एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर शिक्षकों की नियमित उपस्थिति दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया।

संबल योजना और पौधरोपण अभियान पर फोकस

बैठक में संबल योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने और 100 दिनों से अधिक समय से लंबित आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करने तथा रोपित पौधों की जानकारी पोर्टल पर समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, वनमंडलाधिकारी अनुराग तिवारी, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button