113 वर्षों से सेवा में जुटे सेवा समिति सदस्यों का हुआ नागरिक अभिनंदन, महापौर ने किया सम्मानित

महाकाल की सवारी, पर्व स्नान और धार्मिक आयोजनों में सेवा देने वाले स्वयंसेवकों के लिए नगर निगम बजट में अलग प्रावधान करने की घोषणा।

शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सफल बनाने में वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही सेवा समिति के सदस्यों का रविवार को नगर निगम की ओर से नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल ने समिति के अध्यक्ष, सचिव, दल नायकों और सेवा कार्यों में सक्रिय सदस्यों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की।

महापौर ने कहा कि सेवा समिति के सदस्य वर्षों से बाबा महाकाल की शाही सवारी, धार्मिक आयोजनों, पर्व स्नान, पंचकोशी यात्रा और शहर की यातायात व्यवस्था में निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। उनके समर्पण और अनुशासन के कारण बड़े धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन संभव हो पाता है।

उन्होंने बताया कि सेवा समिति की स्थापना वर्ष 1913 में हुई थी और पिछले 113 वर्षों से अधिक समय से संस्था निरंतर समाज सेवा और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उज्जैन की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने में समिति का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

महापौर ने यह भी घोषणा की कि नगर निगम के आगामी बजट में सेवा समिति के लिए अलग मद का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख यात्री सुविधा केंद्रों पर भी सेवा समिति के सदस्यों की सेवाएं ली जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रजत मेहता, कैलाश प्रजापत, जितेंद्र कुवाल, दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी, पार्षद पंकज चौधरी, बाबूलाल बाघेला, सेवा समिति अध्यक्ष सुभाष गौड़, महेश बैंस, शिव नारायण सोलंकी, अशोक मंडलोई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button