नागदा में दर्दनाक हादसा: बकरी चराने गए दो चचेरे भाइयों की खाल में डूबने से मौत

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दोनों किशोर, छोटे भाई ने गांव पहुंचकर दी सूचना; पूरे गांव में शोक की लहर

नागदा। शहर से 6 किमी दूर स्थित गांव गिदगढ़ में गुरुवार को बकरी चराने गए चचेरे भाईयों की नहाने के दौरान खाल में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों की उम्र 14 वर्ष थी। दोनों समीप स्थित गांव निपानिया में कक्षा 8वीं में पढ़ते थे। देर शाम दोनों मासूम बच्चों को अंतिम संस्कार हुआ। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुरेश पिता जगदीश गुर्जर और धारासिंह पिता कुंवरजी गुर्जर दोनों चचेरे भाई थे। गुरुवार दोपहर 3 बजे करीब धारासिंह अपने छोटे भाई और चचेरे भाई सुरेश के साथ बकरी चराने गए थे। तीनों गांव की सीमा से लगे माताजी की राड़ी के पास पहुंच गए। यहां बारिश से खाल में पानी भरा हुआ था। धारासिंह ने अपने छोटे भाई को बकरियों की देखभाल करने के लिए वहीं छोड़ दिया और स्वयं अपने चचेरे भाई सुरेश के साथ खाल में नहाने उतर गया।
नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। दोनों पानी में डूबने लगे। जिस पर घबराया छोटा भाई दौडक़र गांव पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल लेकर शासकीय अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल और गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मासूम बच्चों  की एक साथ हुई मौत से गांव में मातम छा गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। बारिश के मौसम में जलभराव वाले स्थानों पर बच्चों के जाने को लेकर ग्रामीणों ने भी चिंता जताई है, क्योंकि गांव के आसपास कई गहरे गड्ढे है, जिसमें बारिश का पानी एकत्रित हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button