नागदा के गिदगढ़ में दर्दनाक हादसा: खाल में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत

बकरी चराने गए थे दोनों किशोर, छोटे भाई ने गांव पहुंचकर दी जानकारी; पूरे गांव में शोक की लहर

नागदा। नागदा से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित गिदगढ़ गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की खाल में डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोर बकरी चराने के लिए गांव के बाहर गए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दोनों की उम्र करीब 14 वर्ष थी और वे पास के निपानिया गांव के विद्यालय में कक्षा आठवीं के छात्र थे। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सुरेश गुर्जर (पिता जगदीश गुर्जर) और धारासिंह गुर्जर (पिता कुंवरजी गुर्जर) चचेरे भाई थे। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे धारासिंह अपने छोटे भाई और सुरेश के साथ बकरियां चराने के लिए गांव की सीमा से लगे माताजी की राड़ी क्षेत्र में पहुंचा। हाल ही में हुई बारिश के कारण वहां स्थित खाल में काफी पानी भर गया था।

बताया गया कि धारासिंह ने अपने छोटे भाई को बकरियों की देखरेख के लिए किनारे पर छोड़ दिया, जबकि वह और सुरेश नहाने के लिए पानी में उतर गए। नहाते समय दोनों अनजाने में गहरे हिस्से तक पहुंच गए और डूबने लगे। किनारे मौजूद छोटे भाई ने जब दोनों को पानी में संघर्ष करते देखा तो वह घबराकर गांव की ओर दौड़ा और परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकालकर शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और गिदगढ़ गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बारिश के मौसम में गांव के आसपास बने गहरे गड्ढों और जलभराव वाले स्थानों को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसे स्थान बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं, इसलिए प्रशासन को सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button