महाकाल मंदिर के पास होटल में युवक की संदिग्ध मौत, दोस्त बिल चुकाकर हुआ फरार
गाजियाबाद से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे दोनों, कमरे से बदबू आने पर होटल स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना; साथी की तलाश में जुटी पुलिस

उज्जैन। महाकाल दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से उज्जैन आए 38 वर्षीय युवक की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना महाकाल मंदिर के सामने स्थित होटल की है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक के साथ उज्जैन आया उसका दोस्त होटल का बिल चुकाने के बाद अचानक गायब हो गया, जिसके बाद पुलिस की जांच का दायरा उसके इर्द-गिर्द भी बढ़ गया है।
मृतक की पहचान गाजियाबाद के न्यू कोटगांव निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मुकेश 1 सितंबर को अपने दोस्त विनीत गोयल के साथ महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचा था। दोनों ने महालोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टेम्पल व्यू में कमरा लिया था।
दो दिन साथ रहे, फिर दोस्त हुआ लापता
होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों युवक करीब दो दिनों तक साथ रहे। बताया गया कि वे शराब का सेवन भी करते थे। 3 सितंबर को विनीत गोयल ने होटल का पूरा भुगतान किया और बिना किसी को जानकारी दिए वहां से चला गया। इसके बाद वह होटल वापस नहीं आया।
कमरे से बदबू आने पर खुला मामला
शुक्रवार सुबह होटल के कमरे से दुर्गंध आने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। सूचना मिलने के बाद महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर मुकेश कुमार का शव पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई।
पोस्टमॉर्टम से सामने आएगा मौत का कारण
महाकाल थाना पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और मृतक के साथ आए विनीत गोयल की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।



