फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गायक सुनील लोधी को सरकार देगी प्रोत्साहन, CM यादव ने किया सम्मान

दृष्टिबाधित युवा गायक ने मुख्यमंत्री निवास पर सुनाया फिल्म का लोकप्रिय गीत, एक लाख रुपए की सम्मान निधि और संगीत शिक्षा में सहयोग का ऐलान

उज्जैन, 4 सितंबर। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बुंदेली गीत को अपनी आवाज देने वाले युवा गायक सुनील लोधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। सागर निवासी सुनील जन्म से दृष्टिबाधित हैं और बचपन से ही गायन के क्षेत्र में रुचि रखते हैं।

मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई मुलाकात के दौरान डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने सुनील और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया।

एक लाख रुपए की सम्मान निधि

मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी को एक लाख रुपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की। इसके साथ ही उनके लिए संगीत की औपचारिक शिक्षा पूरी करने में सहयोग देने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने सुनील की आंखों की रोशनी से संबंधित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री को सुनाया फिल्म का गीत

मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सुनाया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी प्रस्तुत किया।

इस दौरान सुनील के पिता महेन्द्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और उनके मित्र मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button