घट्टिया में पल्स पोलियो अभियान को मिली शानदार सफलता, पहले दिन 16 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई गई दवा

20,992 बच्चों के लक्ष्य में पहले दिन 80 प्रतिशत उपलब्धि, घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य टीमों ने पिलाई पोलियोरोधी खुराक

जिले की सभी तहसीलों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 28 तारीख को घट्टिया तहसील में 16,857 बच्चों को पोलियोनिरोधक दवा पिलाई गई। घट्टिया तहसील का कुल लक्ष्य 20,992 है, जिसका 80 प्रतिशत स्वास्थ्य विभाग ने अथक प्रयासों से हासिल कर लिया है। शेष 20 प्रतिशत बच्चों को आगामी दो दिनों में दवा पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जो न पहुंचे हम तक, हम पहुंचे उन तक के ध्येय को चरितार्थ करते हुए घर-घर जाकर दस्तक दी। इसके अलावा ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमक्कड़ आबादी वाले क्षेत्रों, आवागमन के मुख्य मार्गों और मेलों जैसे विशेष स्थानों पर पहुंचकर भी बच्चों को दवा पिलाई गई। अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक में कुल 210 टीमें मैदान में हैं। इनमें 114 बी-टीम, 90 सी-टीम, 3 मोबाइल टीम और 4 ट्रांजिट टीम शामिल हैं। साथ ही 21 सुपरवाइजर और 14 सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 458 सदस्य पोलियो बूथों पर पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं।
इस महाभियान की सतत निगरानी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक पटेल और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. पाल द्वारा की जा रही है। अभियान के सफल क्रियान्वयन में विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. अनुज सालिया, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राघव वर्मा, बीईई महेश परमार, बीपीएम वंदना, बीसीएम  संगीता शर्मा, फोकल प्वाइंट इंचार्ज अर्जुन गुर्जर, सत्येंद्र राणा, संजय पुरिया और घट्टिया ब्लॉक पल्स पोलियो नोडल एस.पी. अहिरवार की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button